भारतभारी। भनवापुर क्षेत्र के सीएचसी सिरसिया में मंगलवार को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत गर्भवतियों के लिए स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इसमें महिलाओं को स्वास्थ्य से जुड़ी आवश्यक जानकारी दी गई।
अधीक्षक डॉ. शैलेंद्र मणि ओझा ने कहा इस शिविर का आयोजन प्रत्येक माह के 1, 9, 16 तथा 24 तारीख को किया जाता है। उन्होंने बताया कि इस आयोजन के माध्यम से गर्भावस्था के दौरान उच्च जोखिम के लक्षण जैसे उच्च रक्त चाप, मधुमेह, फीटस के बेड़े होने, गंभीर एनिमिया, प्लेसेंटा का विकृत व नीचे होना आदि की समय रहते पहचान करते हुए चिकित्सीय प्रबंधन से जच्चा और बच्चे को सुरक्षित किया जाता है। शिविर में 87 गर्भवतियों को चिकित्सीय इलाज व परामर्श दिया गया, जिसमें से 12 गर्भवतियों में उच्च जोखिम के लक्षण पाए गए। आठ गर्भवतियों में खून की कमी होने के कारण आयरन सुक्रोज की डोज दी गई। अधीक्षक ने बताया कि गर्भावस्था के दौरान उच्च जोखिम के लक्षण पाए जाने पर गर्भवती महिलाओं को कम से कम तीन बार चिकित्सीय सलाह जरूरी होता है।
इस दौरान डॉ. सिद्धार्थ जायसवाल, डॉ. अनवरुद्दीन, ज्योति, अजय कुमार पांडेय, रुपम पाठक, सविता मौर्या, अर्चना चौधरी आदि शामिल रहीं।