कसया। बुद्ध पीजी कालेज में 50 यूपी बटालियन एनसीसी की ओर से बी और सी सर्टिफिकेट के लिए भर्ती प्रक्रिया आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने शारीरिक दक्षता, लिखित परीक्षा, अनुशासन समेत विभिन्न निर्धारित मानकों पर अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया।
बी सर्टिफिकेट के 24 पदों के लिए 38 अभ्यर्थी और सी सर्टिफिकेट के 18 पदों के लिए 53 अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया में शामिल हुए। एनसीसी अधिकारियों ने अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता और अन्य निर्धारित मानकों का परीक्षण किया। प्राचार्य प्रो. विनोद मोहन मिश्र ने कहा कि एनसीसी विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, राष्ट्रसेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में शामिल विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए चयनित होने वाले कैडेटों को शुभकामनाएं दीं।
एनसीसी अधिकारी डॉ. सौरभ द्विवेदी ने कहा कि एनसीसी विद्यार्थियों को सैन्य प्रशिक्षण के साथ नेतृत्व, अनुशासन और व्यक्तित्व विकास का अवसर देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से एनसीसी के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।भर्ती प्रक्रिया में 50 यूपी बटालियन एनसीसी के जेसीओ सूबेदार हरपिंदर सिंह, हवलदार सरबजीत सिंह, हवलदार गिरजाशंकर बिष्ट और हवलदार गोविंद सिंह ने सहभागिता की। सीनियर अंडर ऑफिसर सूरज पटेल, सेजल चौरसिया, प्रीति सिंह, अजय, अमित कुमार तिवारी सहित महाविद्यालय के विद्यार्थी और एनसीसी कैडेट मौजूद रहे।