पडरौना। बकरीद नजदीक आते ही बाजारों में रौनक लौट आई है। त्योहार की तैयारियों को लेकर बाजारों में शाम करीब पांच बजे के बाद ग्राहकों की भीड़ देखने को मिल रही है। दुकानों पर ग्राहकों की आवग देख दुकानदार भी प्रसन्न हैं। त्योहार को लेकर कुर्ता, पायजामा और इत्री की मांग बढ़ गई है।
कोतवाली रोड, धर्मशाला रोड, सुभाष चौक और मेन बाजार समेत सभी कपड़े की प्रतिष्ठान और माल में बकरीद की खरीदरी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। गर्मी के चलते लोग खरीदारी करने के लिए दिन में कम निकल रहे हैं, लेकिन शाम चार बजे के बाद जैसे ही धूप कम हो रही है वैसे ही बाजार में चहल-पहल बढ़ जा रही है। लोग रात नौ बजे तक खरीदारी कर रहे हैं। खरमास में दुकानों पर ग्राहक देख दुकानदारोंमें उत्साह देखने को मिल रहा है।
कपड़ा व्यापारी अखिलेश अग्रहरी ने बताया कि बकरीद की खरीदारी के लिए ग्राहक आने लगे हैं। त्योहार की नमाज के लिए पारंपरिक पहनावे की जबरदस्त मांग है। रेडीमेड और सिलवाए जाने वाले कुर्ता-पजामा (खासकर सूती और मलमल के कपड़ों में) की दुकानों पर ग्राहकों की लंबी कतारें देखी जा सकती हैं। वहीं बड़ी मस्जिद के पास इत्र व्यापारी सलाउद्दनी अली ने बताया कि धार्मिक परंपरा और त्योहार के उत्साह के कारण गैर-अल्कोहल वाले इत्र की मांग बढ़ गई है।