चूल्हे की चिनगारी से आग पकड़ लेने से बृहस्पतिवार की दोपहर में सरया गांव में दो घर धू-धूकर जल उठे। पछुआ हवा चलने के चलते आग बुझाने में गांव के लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। सूचना देने के बावजूद जब तक अग्निशमन दस्ता पहुंचा, आग बुझ चुकी थी। इस आग में घरों के अंदर रखे सभी सामान जलकर नष्ट हो गए। कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के सरया गांव के निवासी इनायत और हारुन चचेरे भाई हैं। गांव के लोगों ने बताया कि हारुन के घर में सुबह भोजन बनाने के बाद चूल्हे की आग पर पानी डालकर छोड़ दिया गया था। उसके भीतर दबी चिनगारी दोपहर में तेज धूप और पछुआ हवा के चलते सुलग गई, इससे झोपड़ी में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने इनायत के घर को भी अपनी जद में ले लिया। संयोग यह था कि दोनों घर बीच में थे, इससे आग फैलने नहीं पाई। गांव के लोगों ने अग्निशमन विभाग को सूचना दी। काफी मशक्कत के बाद गांववालों ने आग पर काबू पा लिया। इन घरों के शेड, फर्नीचर, अनाज, कपड़े और अन्य जरूरी सामान आग की भेंट चढ़ गए। संयोग था कि आग में कोई हताहत नहीं हुआ।