पकड़ियार बाजार। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के खजुरी गांव में रविवार को एक ज्वेलरी दुकानदार के साथ मारपीट कर उसे घायल करने और बाइक क्षतिग्रस्त करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने गांव के ही दो लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, खजुरी गांव निवासी चंदन सोनी रविवार को अपनी ज्वेलरी की दुकान पर जा रहे थे।
आरोप है कि गांव के मोड़ पर दो व्यक्तियों ने उनकी बाइक रोक ली और बिना किसी कारण गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसमें चंदन घायल हो गए और उनकी बाइक को भी क्षति पहुंचाई गई।
ग्रामीणों के मौके पर पहुंचने पर हमलावर भाग निकले। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। थानाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है, जांच की जा रही है।
दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।