टेकुआटार (कुशीनगर)। बसपा से कुछ नेताओं को निष्कासित किए जाने के विरोध में मंगलवार को कार्यकर्ताओं ने टेकुआटार नई बाजार में विरोध प्रदर्शन किया और पार्टी सुप्रीमो मायावती का पुतला जलाया। कार्यकर्ताओं ने संगठन के इस निर्णय को गलत बताया।
पिछले विधानसभा चुनाव में बसपा उम्मीदवार के तौर पर कुशीनगर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़े राजेश प्रताप राव उर्फ बंटी को संगठन विरोधी कार्य करने के आरोप में पार्टी से निष्कासित किया गया है। मंगलवार को इसकी जानकारी होने पर बंटी समर्थक बसपा कार्यकर्ता नाराजगी जताने लगे। जिला पंचायत सदस्य शमसाद उर्फ सोनू की अगुवाई में कार्यकर्ता टेकुआटार बाजार में एकत्रित हुए और बसपा सुप्रीमो मायावती के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। नाराज कार्यकर्ताओं ने बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती और मंडल कोआर्डिनेटर घनश्याम खरवार का पुतला जलाकर विरोध जताया। समर्थकों का कहना था कि बंटी राव ने पार्टी के लिए नि:स्वार्थ भाव से काम किया है। बीते विधान सभा चुनाव में भी पार्टी की यहां मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई थी। इन कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि निष्कासन रद्द नहीं किया गया तो बंटी के समर्थन में तमाम कार्यकर्ता बसपा छोड़ देंगे।
इस दौरान डॉक्टर जावेद, ऋषिकेश कुशवाहा, असफाक अहमद, बच्चेलाल चौहान, एजाज अहमद, संतोष, मुन्ना, रामावतार, भगवंत, आशिक आदि मौजूद रहे।