अहिरौली बाजार। थाना क्षेत्र के गांव मुजहना निवासी एक महिला ने भाई के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। महिला ने आरोप लगाया है कि वह गर्भवती है और तख्त को निकालने से मना करने की बात से नाराज होकर भाई ने उसकी अंगुली काट दी है। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
सोनमती ने बताया कि शनिवार को साढ़े ग्यारह बजे वह घर पर अकेली थी। इसी दौरान बड़ा भाई बबलू निषाद घर पर आया और कमरे के अंदर से तख्त निकालने की बात कही। इसका विरोध करने पर वह मारने-पीटने लगा। सूचना मिलते ही छोटा भाई इंदल उर्फ पुजारी निषाद बीच-बचाव करने लगा। इस बीच बबलू निषाद ने घर में रखे धारदार बांका लेकर छोटे भाई को जान से मारने की नीयत से उसकी गर्दन पर वार कर दिया। छोटे भाई को बचाने के प्रयास में उसके दोनों हाथ की अंगुली कट गई। वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ी। जमीन पर गिरने के बाद भी आरोपी उसे मारता-पिटता रहा। महिला ने बताया कि वह गर्भवती है और मारपीट के कारण उसके पेट में काफी दर्द हो रहा है। घायल अवस्था में परिवार के लोग उसे लेकर निजी अस्पताल में पहुंचे। इसकी सूचना परिजनों ने पीआरवी पुलिस को दी। इस संबंध में एसआई सुदामा यादव ने बताया कि तहरीर लेकर पीड़ित महिला थाने पर आई है। विधिक कार्रवाई की जा रही है।