पडरौना। सेखुई गांव में ट्रैक्टर से एक व्यक्ति को चालक ने कुचलने की कोशिश की। विरोध करने पर चालक और ट्रैक्टर मालिक के घर वालों ने उसकी पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस से मनबढ़ उलझ गए और कहासुनी करने लगे। बाद में पुलिस का तेवर देख बैकफुट पर आ गए। पुलिस ने पांच लोगों पर केस दर्ज कर लिया है।
नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र सेखुई गांव निवासी श्रवण सिंह शुक्रवार की शाम अपने दरवाजे पर के पास हैंडपंप से पानी लाने जा रहे थे। उस समय गांव का दिवाकर ट्रैक्टर लेकर जा रहा था और इन्हें कुचलने की कोशिश की। श्रवण ने इसका विरोध किया और चालक को बोला तो वह घर गया और परिवार के सदस्यों के दोबारा दरवाजे पर आकर श्रवण की पिटाई कर दिया। गांव के लोगों ने बीच बचाव कर विवाद शांत कराया। पीड़ित की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब मारपीट के बारे में दिवाकर से पूछा तो परिजन उग्र हो गए और पुलिस से उलझने की कोशिश करते हुए कहासुनी करने लगे। पुलिस ने घायल का इलाज सीएचसी में कराया। श्रवण की तहरीर पर पुलिस ने गांव के राजेंद्र, दिवाकर, धर्मेद्र, ओमप्रकाश और गोलू पर मारपीट के अलावा कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर हर्षवर्धन सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर विवेचना की जा रही है। मारपीट की सूचना पर पुलिस गांव गई थी।