राजस्थान के अलवर जिले के जहडू गांव निवासी कृष्णकांत जांगड़े नई जिंदगी की शुरुआत की उम्मीद लेकर कुशीनगर पहुंचे थे। फोन पर रिश्ता तय होने के बाद वह 11 नवंबर को अपने पिता, मां और मामा के साथ भैंसही बाजार आए थे। आरोप है कि शादी कराने पहुंचे लोगों ने उनसे 1.20 लाख रुपये नकद ले लिए। इसके अलावा करीब 10 हजार रुपये के कपड़े और शृंगार का सामान भी खरीदवाया।
शादी की रस्में पूरी होने के बाद कृष्णकांत युवती को लेकर परिवार के साथ राजस्थान लौटने लगे। गोरखपुर की ओर जाते समय युवती ने लघुशंका के लिए वाहन रुकवाया। टेंपो रुकने पर वह नीचे उतरी, लेकिन फिर वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला तो कृष्णकांत ने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। इसके बाद पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से 70 हजार रुपये नकद, चार साड़ियां और एक जींस बरामद हुई।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि देवरिया जिले की रहने वाली अर्चना के अलावा गिरोह में दस से अधिक महिलाएं और पुरुष शामिल हैं। आरोप है कि गिरोह के सदस्य राजस्थान, हरियाणा समेत दूसरे राज्यों के लोगों को शादी का झांसा देकर फंसाते थे। इसके बाद शादी कराने के नाम पर उनसे मोटी रकम वसूलते थे। बताया जाता है कि ठगी के शिकार कई लोग लोकलाज के डर से पुलिस में शिकायत नहीं करते। इससे गिरोह के सदस्यों को अपना नेटवर्क चलाने का मौका मिलता रहता है।
शादी का झांसा देकर ठगी करने वाली गिरोह की गिरफ्तार महिलाएं
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
इससे पहले कप्तानगंज कस्बे के किसान चौक पर किराये के कमरे में कुछ महिलाएं रहती थीं। आरोप है कि वहां एक किशोरी को शादी कराने के बहाने हरियाणा ले जाकर बेच दिया गया था। इस मामले में भी अर्चना का नाम सामने आया था। इसके अलावा पटहेरवा थाना क्षेत्र में भी शादी के नाम पर ठगी का मामला सामने आ चुका है। ताजा मामले में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।