तमकुहीरोड (कुशीनगर)। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में शामिल होने जा रही दुल्हन और उसकी होने वाली सास की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि दूल्हा गंभीर रूप से घायल हो गया। शनिवार दोपहर बाइक से विवाह स्थल जाते समय बनरहा रेगुलेटर के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे यह हादसा हुआ।
तरयासुजान क्षेत्र के जमसड़िया निवासी सरवर अंसारी की बेटी गुलनाज (24) और अहिरौली दान गांव के लोकनहा टोला निवासी सईद अंसारी के पुत्र अली हसन (25) का एक साल पहले से विवाह तय था। दोनों ने सामूहिक विवाह योजना में पंजीकरण कराया था। शनिवार को दोनों की शादी थी। करीब दोपहर 12 बजे अली अपनी मां ऐशा खातून (50) व गुलनाज को बाइक से लेकर सेवरही जा रहा था। अली ने हेलमेट नहीं पहना था। रास्ते में उनकी बाइक में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इसमें गुलनाज व ऐशा की मौत हो गई। अली गंभीर रूप से घायल है। संवाद
मृतक गुलनाज की फाइल फोटो।