कप्तानगंज। स्थानीय कस्बे के सुभाष चौक पर एक मोबाइल दुकान से बृहस्पतिवार रात चोर शटर का ताला तोड़कर दुकान में रखा करीब आठ लाख से अधिक का सामान समेट ले गए। चोर साक्ष्य छिपाने के लिए सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी साथ ले गए। लोगों ने पुलिस से रात को गश्त बढ़ाने की मांग की है। पीड़ित दुकानदार ने पुलिस को तहरीर दी है। कप्तानगंज नगर के वार्ड नंबर 11 सुभाष नगर उत्तरी निवासी रानू सिंह की सुभाष चौक पर मोबाइल की दुकान है। रोज की तरह बृहस्पतिवार की शाम 6:30 बजे दुकान बंद कर घर चले गए। शुक्रवार को सुबह करीब 9:30 बजे जब दुकान पर आए तो देखा कि दुकान का ताला टूटा है।
शटर उठाया तो अंदर रखा सामान गायब था।
दुकानदार के अनुसार करीब आठ लाख का मोबाइल व अन्य उपकरण चोर चोरी किए गए हैं। दुकान में सुरक्षा के दृष्टिकोण से लगाए गए सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर चोर उठा ले गए हैं। सूचना पर पुलिस पहुंची और घटना की जांच किया। दुकानदार ने अज्ञात चोरों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दिया है।
मौके पर पहुंचे सपा नेता विश्वजीत सिंह ने कहा कि कस्बे में चोरी की बढ़ती घटनाओं पर रोक नहीं लगा तो आंदोलन किया जाएगा। थानाध्यक्ष चंद्र भूषण प्रजापति ने कहा कि तहरीर मिली है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। आसपास के दुकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।