पडरौना। बीएसए के निरीक्षण में कप्तानगंज बीआरसी (ब्लाॅक रिसोर्स सेंटर) बंद मिला। इसको गंभीरता से लेते हुए बीएसए ने अनुपस्थित सभी नौ कर्मचारियों का वेतन बाधित कर तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। बीएसए डॉ. रामजियावन मौर्या ने बताया कि कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय सुकरौली, हाटा, मोतीचक का निरीक्षण किया गया। इसके अलावा कप्तानगंज बीआरसी का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान बीआसी दिन के 3:35 बजे बन्द मिला। फोन पर बीईओ ने बताया गया कि वे गोरखपुर गए हैं।
एक शिक्षक नकुल सिंह, प्राथमिक विद्यालय झांवा से चाबी भेजी गई, जिनके द्वारा बीआरसी खोला गया। बीआरसी में कुल नौ कर्मी कार्यरत हैं, लेकिन निरीक्षण के समय सभी कर्मी अनुपस्थित मिले। उपस्थित्ति पंजिका की जांच करने पर रवि प्रताप कुशवाहा और कंचनलता सिंह का हस्ताक्षर बना था। यहां तैनात विजय कुमार पांडेय का आगमन के कालम में हस्ताक्षर बना था, लेकिन निरीक्षण के समय अनुपस्थित पाए गए।
अन्य सभी कर्मियों की तरफ से आगमन व प्रस्थान के कालम में हस्ताक्षर किया जाता है। बीआरसी बंद होने के कारण अन्य बिन्दुओं का निरीक्षण नहीं किया जा सका। इसको गंभीरता से लेते हुए बीआरसी में तैनात सहायक लेखाकार अरविंद गौड़, कंप्यूटर ऑपरेटर मुकेश यादव, ब्लॉक एमआईएस कोआर्डिनेटर रवि प्रताप कुशवाहा, कार्यालय सहायक आशुतोष कुमार त्रिपाठी, कार्यालय सहायक नागेश्वर नाथ मिश्र व कंचनलता सिंह, परिचारक रुद्रसेन सिंह, कनिष्ठ लिपिक विजय कुमार पांडेय, क्लॉक क्वालिटी कोआर्डिनेटर नितीश कुमार पांडेय समेत नौ कर्मचारियों का निरीक्षण तिथि के दिन का मानदेय बाधित कर तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है।