दुदही। क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय भगवानपुर में जूनियर कक्षाओं (6-8) की छात्राओं को आत्मरक्षार्थ पंच (मुक्केबाजी) का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को शरीर की चपलता, फुर्ती व लचीलेपन से जुड़े व्यावहारिक अभ्यास कराए गए, जिससे उनकी त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता में सुधार हुआ।
खेल अनुदेशक अमित कन्नौजिया ने पंच एक्शन की प्रक्रिया समझाते हुए बताया कि आत्मरक्षा का पहला आधार आत्मविश्वास है, इसलिए प्रत्येक छात्रा को अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक रहते हुए आवश्यक तकनीकों का नियमित अभ्यास करना चाहिए। प्रशिक्षण में छात्राओं को यह भी बताया गया कि सजगता, संतुलन, समय पर निर्णय और संयम ऐसी क्षमताएं हैं जो किसी भी कठिन परिस्थिति में उन्हें सुरक्षित रख सकती हैं।
कार्यक्रम का उद्देश्य केवल तकनीकी अभ्यास तक सीमित नहीं रहा, बल्कि छात्राओं में आत्मअनुशासन, मानसिक मजबूती व सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना भी शामिल रहा। इस दौरान ज्योति, निभा, नीलू, रानी, बंधन, खुशी आदि मौजूद रहीं।