खड्डा। गोरखपुर से मोतीहारी जाने वाली मालगाड़ी डाउन बीएमकेआई की एक बोगी का ब्रेक जाम होने के कारण निकली चिंगारियों से उसमें आग लग गई।
गार्ड को कुछ जलने की जब गंध आई तो किसी अनहोनी की आशंका पर ड्राइवर को खड्डा स्टेशन पर ट्रेन रोकने का निर्देश दिया। उसके बाद कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई।
गोरखपुर से मोतीहारी को जाने वाली यूरिया से लदी मालगाड़ी के गार्ड अजित कुमार मिश्रा ने बताया कि बीएमकेआई मालगाड़ी को खड्डा रेलवे स्टेशन पर रुकना नहीं था।
पर सिसवा स्टेशन के बाद मुझको कुछ जलने की गंध आई। धीरे-धीरे गंध तेज होने लगी । साथ ही गाड़ी से कुछ आवाज आने लगी। उनको किसी अनहोनी की आशंका हुई।
उन्होंने गाड़ी के ड्राइवर को खड्डा रेलवे स्टेशन पर गाड़ी रोकने के लिए कहा। जैसे ही गाड़ी रुकी तो लोग एक बोगी के पहिया से आग की लपट निकलता देख हैरान हो गए।
रेलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। इससे एक बड़ी दुर्घटना होने से बच गई। गार्ड ने बताया कि कई किलोमीटर तक पहिया ट्रैक पर घसीटता रहा।
इस कारण पहिया गरम हो गया और ब्रेक रबड़ में आग पकड़ ली। यदि समय से गाड़ी को नहीं रोका गया होता तो वह ट्रैक से उतर सकती थी। खड्डा स्टेशन पर रेलकर्मी मालगाड़ी के ब्रेक को छुड़ाने के प्रयास में जुड़े थे।