सावन के दूसरे सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने किया जलभिषेक
अमर उजाला ब्यूरो
पडरौना। सावन के दूसरे सोमवार के अवसर पर भोर से ही शिवालय हर-हर महादेव, हर-हर बम-बम, ओम नम: शिवाय के उद्घोष से गूंज उठे। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से भोलेनाथ का जलाभिषेक कर उन्हें भांग, बेलपत्र, धतूरा, दूध, दही, घी, अक्षत, चंदन, मंदार, आदि चढ़ाकर मनोकामना पूर्ति के लिए वर मांगा। बड़ी संख्या में युवतियों और महिलाओं ने उपवास रखा। इसी क्रम में मंदिरों के बाहर मेला भी लगा। यहां बच्चों ने जमकर खरीदारी की। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर मंदिरों के बाहर पुलिस भी तैनात रही।
पडरौना के शिवाला मंदिर, बुढ़िया माई मंदिर, छावनी स्थित महादेव शिव मंदिर, भन्नूनाथ शिव मंदिर, भूतनाथ शिव मंदिर, लम्हुआ शिव मंदिर, सिधुआ बाजार स्थित बाबा सिद्धनाथ शिवमंदिर, करहिया शिव मंदिर, बालखंडी शिव मंदिर आदि शिवालयों में सोमवार की भोर से ही जलाभिषेक शुरू हो गया।
कुबेरस्थान प्रतिनिधि के अनुसार, बोलबम के जयघोष से शिवालय भोर से भक्तिमय हो उठा। प्राचीन शिव मंदिर कुबेरनाथ धाम में सुबह दो बजे से जलाभिषेक के लिए लोग उमड़ पड़े। परिवार के सुख समृद्धि की कामना की। बड़ी संख्य में महिलाएं मांगलिक गीत गाते पूजन को पहुंची। नारायणी नदी से जल भर कांवड़ियों के पहुंचने का क्रम शाम तक चलता रहा। श्रद्धालुओं की भीड़ की वजह से कुबेरस्थान-तुर्कपट्टी मार्ग बाबा के भक्तों से खचाखच भरा रहा। सीओ सदर नितेश प्रताप सिंह की अगुवाई में कुबेरस्थान पुलिस के अलावा कई थानों की पुलिस और पीएसी के जवान गर्भगृह से लेकर मुख्य गेट तक तैनात रहे।
तमकुहीरोड प्रतिनिधि के अनुसार, बाबा पंचेश्वरनाथ शिव मंदिर, विश्वकर्मा शिव मंदिर, बाबा विंदेश्वरीदास शिव मंदिर, रामजानकी शिव मंदिर, राजपुर, मिश्रौली, पिरोजहा, व्रह्मपुर, जंगलीपट्टी, तिवारीपट्टी, पकड़ीहार, अहिरौलीदान, दुबौली, विरवट कोन्हवलिया, सुमही संतपट्टी, कत्तौरा आदि गांवों के शिव मंदिरों में भक्तों ने पूजन किया।
बेलवा कारखाना के अनुुसार, बसडीला महंथ स्थित शिव मंदिर से आचार्य हरिराम के वैदिक मंत्रोच्चार के बाद जय श्रीराम और हरहर महादेव के नारों के बीच 14 किलोमीटर तक शोभा यात्रा निकाली गई। दर्जियां, लक्ष्मीपुर मिश्र, बेलवां, मटीहिनियां, धनहां, कनौरा आदि गांवों के शिवमंदिरों में भी दिनभर जलाभिषेक होता रहा। इस दौरान अर्जुन कुशवाहा, विजय शर्मा, अखिलेश, नत्थू, मैनेजर, सीमा देवी, सविता देवी, अर्चना, पूनम, रीता, नंदनी, शांति, बबिता, सुमन आदि मौजूद रहे।
रामकोला प्रतिनिधि के अनुसार, विश्व दर्शन मंदिर में बड़ी संख्या में लोग अभिषेक को पहुंचे।
मंदिर के संस्थापक रंगनाथ बाबा ने बताया कि मंदिर में गोरखपुर, महाराजगंज, बस्ती और बिहार प्रदेश से आये शिव भक्तों ने शिव भगवान के दर्शन कर पूजन किया।