हाटा। कोतवाली क्षेत्र के अर्जुन डुमरी गांव में शनिवार सुबह दरवाजे पर नीम के पेड़ में फंदे से लटका मजदूर का शव देख परिजन सन्न रह गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर आई पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। घर वालों ने बताया कि देर शाम खेत से लौटे थे। रात में कब फंदा लगा लिया? पता नहीं चल सका।
यहां के 45 वर्षीय रामनिवास शुक्रवार रात परिवार के साथ भोजन करने के बाद कमरे में सोने चले गए थे। शनिवार सुबह घर का दरवाजा खोलकर उनकी पुत्री बाहर निकली तो सामने नीम के पेड़ से लटके पिता रामनिवास को देख उसने शोर मचाया। परिवार के अन्य सदस्य और ग्रामीण पहुंच गए। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिवार में चीख पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है। कोतवाल दीपक कुमार सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।