पडरौना। दो दिन पूर्व बोर्ड परीक्षा में जिले के एक केंद्र के स्टेटिक मजिस्ट्रेट व वाह्य केंद्र व्यवस्थापक की शिकायत पर टीम ने पहुंच कर जांच कर तत्काल केंद्र व्यवस्थापक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। वहीं तबीयत खराब होने पर उस केंद्र के वाह्य केंद्र व्यवस्थापक को बदल दिया है।
पिछले शुक्रवार को महर्षि वाल्मीकि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पिपरैचा हाटा के स्टेटिक मजिस्ट्रेट अमित कुमार व वाह्य केंद्र व्यवस्थापक ने डीआईओएस से शिकायत की कि कुछ कमरों में छात्राओं को बोल कर नकल कराया जा रहा है, जबकि उन कमरों में वाइस रिकार्डिंग बंद है। डीआईओएस ने गंभीरता से लेकर तत्काल टीम भेज कर जांच कराई तथा केंद्राध्यक्ष को नोटिस जारी कर जवाब मांगा।
केंद्र व्यवस्थापक ने बताया कि बच्चों के हड़दंग के चलते बच्चियों को अलग करके काफी दूरी पर बैठाया गया था। टीम के निर्देश पर मिश्रित कर बैठा दिया गया है। इस केंद्र पर तैनात वाह्य केंद्र व्यवस्थापक विजय यादव की तबीयत खराब होने पर उनके स्थान पर केशव पांडेय को तैनात कर नि:पक्ष व नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने का आदेश दिया गया है।
इस संबंध में डीआईओएस श्रवण कुमार गुप्ता ने बताया कि शिकायत मिलने पर तत्काल टीम भेज कर जांच कराई गई थी। इसमें कैमरे व वाइस रिकार्डिंग चल रही थी। छात्राओं के मिश्रित करके नहीं बैठाने पर केंद्र व्यवस्थापक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।