अहिरौली राजा चौराहे पर नाराज लोगों को समझाती पुलिस और जानकारी लेती।
- फोटो : KUSHINAGAR
सड़क पर शव रखकर लगाया जाम
टेकुआटार (कुशीनगर)। कसया थानाक्षेत्र के साखोपार चौराहे के पास बृहस्पतिवार को बाइक की चपेट में आने से घायल महिला की गोरखपुर ले जाते समय मौत हो गई। शव लेकर लौटे परिजनों ने दोपहर बाद अहिरौली राजा चौराहे पर शव को सड़क पर रखकर रामकोला-कसया मार्ग को जाम कर दिया। कसया पुलिस ने किसी तरह जाम खत्म कराया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अहिरौली राजा गांव की रहने वाली शांति देवी (55) किसी काम से पैदल ही रविंद्र नगर धूस जा रही थीं। पडरौना-कसया मार्ग पर साखोपर चौराहे के पास किसी वाहन की चपेट में आकर घायल हो गईं। घायल महिला को जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां से गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। गोरखपुर ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। इस संबंध में सीओ कसया पीयूष कांत राय ने बताया कि परिजनों से मिली तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।