पडरौना। युद्ध जैसी आपात स्थिति में हवाई हमले की चेतावनी और बचाव की तैयारियों को परखने के लिए 22 नवंबर को जिले में ब्लैक आउट मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इस दौरान एयर रेड सायरन बजाकर लोगों को सतर्क किया जाएगा। साथ ही विद्युत आपूर्ति और प्रकाश व्यवस्था बंद रखने का अभ्यास कराया जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह केवल जागरूकता और आपातकालीन तैयारियों का अभ्यास है। इससे लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।
मॉक ड्रिल की तैयारियों को लेकर उप जिलाधिकारी पडरौना न्यायिक सर्वेश कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। इसमें नागरिक सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, एसडीआरएफ, अग्निशमन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग समेत संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में एसडीएम ने बताया कि युद्ध जैसी परिस्थितियों में हवाई हमले की आशंका के दौरान महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों, आवासीय क्षेत्रों और सड़कों पर रोशनी बंद रखने की प्रक्रिया को ब्लैक आउट कहा जाता है। इसका उद्देश्य संभावित खतरे के समय लोगों और महत्वपूर्ण स्थानों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
उन्होंने बताया कि मॉक ड्रिल के दौरान हवाई हमले की चेतावनी देने के लिए दो मिनट तक ऊंची-नीची आवाज में एयर रेड सायरन बजाया जाएगा। खतरा टलने का संकेत देने के लिए दो मिनट तक एक समान आवाज में सायरन बजेगा। इस दौरान आपातकालीन बचाव और राहत कार्यों का भी अभ्यास किया जाएगा।
आपदा विशेषज्ञ रवि कुमार ने बताया कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य लोगों को जागरूक करने के साथ ही विभिन्न विभागों की आपातकालीन तैयारियों को परखना है।