कलेक्ट्रेट में मांगपत्र देने जाते भाकियू के कार्यकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला
पडरौना। भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने बुधवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। इसके बाद एडीएम को ज्ञापन देकर मांगों से अवगत कराया।
भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष रणजीत सिंह की अगुवाई में कलेक्ट्रेट पहुंचे मंडल सचिव रमाकांत तिवारी, उदयभान यादव, गुलबदन यादव, अब्दुल खुद्दूस अंसारी, रमाशंकर यादव, ओमप्रकाश सिंह, अनिरुद्ध तिवारी, बद्री कुशवाहा आदि का कहना था कि जनपद की ढाढ़ा, कप्तानगंज, रामकोला, खड्डा और सेवरही चीनी मिल पर पिछले पेराई सत्र की प्रथम किस्त 230 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से क्रमश: 984.37 लाख, 3680.04 लाख, 401.31 लाख और 1857.27 लाख यानी कुल 69 करोड़ 27 लाख रुपये गन्ना मूल्य का भुगतान बाकी है।
बार-बार मांग करने के बावजूद चीनी मिलें भुगतान करने में उदासीनता बरत रही हैं। इसलिए भारतीय किसान यूनियन ने व्यापक स्तर पर आंदोलन करने का निर्णय लिया है। इन लोगों का कहना था कि 20 मई को दिन के दस बजे से भाकियू कप्तानगंज चीनी मिल के समक्ष पंचायत लगाएगी।