सुकरौली। भाजपा नेता संजय सिंह मुन्ना ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर शहीद सत्यवान सिंह की स्मृति में प्रस्तावित स्मृति द्वार के निर्माण कार्य में हो रही देरी पर चिंता जताई है। उन्होंने संबंधित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है।
संजय सिंह मुन्ना ने पोस्ट में लिखा है कि हाटा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सभा रामपुर सोहरौना निवासी शहीद सत्यवान सिंह की स्मृति में नगर पालिका हाटा के महुआरी चौराहे पर स्मृति द्वार का शिलान्यास 12 जुलाई 2025 को किया गया था। उनका कहना है कि शिलान्यास के लगभग एक वर्ष बाद भी निर्माण कार्य में कोई ठोस प्रगति दिखाई नहीं दे रही है।उन्होंने कहा कि शहीदों के सम्मान से जुड़ी इस महत्वपूर्ण परियोजना के लंबित रहने से क्षेत्र के लोगों में निराशा है। उन्होंने संबंधित जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाए, ताकि शहीद की स्मृति को सम्मानपूर्वक संरक्षित किया जा सके।भाजपा नेता ने अपनी पोस्ट में यह भी कहा कि यदि समय रहते इस दिशा में पहल नहीं की गई तो समाजसेवियों और क्षेत्रीय नागरिकों को आगे आकर आवाज उठानी पड़ेगी। उन्होंने शहीद सत्यवान सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए स्मृति द्वार के निर्माण को क्षेत्र की भावनाओं से जुड़ा विषय बताया। यह पोस्ट सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है और स्थानीय लोग भी स्मृति द्वार निर्माण कार्य की प्रगति को लेकर सवाल उठा रहे हैं।