बिजली कटौती के विरोध में पडरौना नगर में भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के पास अर्धनग्न होकर विरोध प्र?
- फोटो : KUSHINAGAR
बिजली समस्या से जूझ रहे उपभोक्ताओं का फूटा गुस्सा
अमर उजाला ब्यूरो
पडरौना। पिछले कई दिनों से बिजली संकट से जूझ रहे उपभोक्ताओं का धैर्य बृहस्पतिवार की देर शाम जवाब दे गया। शहर और आस-पास के उपभोक्ता विद्युत निगम के अभियंताओं व कर्मचारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उपकेंद्र पडरौना पहुंच गए। जले ट्रांसफार्मर को बार-बार कहने के बावजूद न बदले जाने से नाराज उपभोक्ता ट्रांसफार्मर के स्टोर कीपर से इस बावत पूछने लगे। धीरे-धीरे बात बढ़ने लगी और कहासुनी के बाद स्टोर कीपर के साथ तीखी झड़प हुई।
पडरौना नगर में कई दिनों से बिजली समस्या विकराल रूप ले चुकी है। इस उमस भरी गर्मी में बार-बार बिजली कटौती आजिज पडरौना शहर एवं आस-पास के गांवों के उपभोक्ताओं का धैर्य बृहस्पतिवार को जवाब दे गया। वे कठकुइयां रोड पर एकत्र हुए और फिर विद्युत निगम के अभियंताओं के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हाइडिल पहुंचे। इन्हीं में बलुचहां से आए कुछ उपभोक्ताओं ने जले ट्रांसफार्मर की बार-बार सूचना देने के बावजूद उसे न बदलने का आरोप लगाया। धीरे-धीरे बात बढ़ती गई और वहां मौजूद स्टोर कीपर एवं उपभोक्ताओं से तीखी झड़प हुई। सुभाष चौक पुलिस चौकी के इंचार्ज विवेकानंद यादव ने बताया कि इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। अगर तहरीर मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।