बनकटा बाजार। सामने से आ रहे वाहन की रोशनी से बाइक सवार युवक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी महिला को टक्कर मारने के बाद गिर गया। सिर में चोट लगने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। इसका इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पटहेरवा थाना क्षेत्र के लक्षिया गांव निवासी संजय कुशवाहा (38) सोमवार को बघौचघाट अपने रिश्तेदार के घर गए थे। देर रात वहां से घर के लिए चले। अभी वह चौराखास थाना क्षेत्र के तरुवनवा गांव के पास पहुंचे थे कि सामने आ रहे वाहन की तेज रोशनी चेहरे पर पड़ने से उनकी आंखें चौंधिया गईं और सड़क किनारे खड़ी सविता देवी को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे गिर गए। घायल बाइक सवार और महिला को राहगीरों ने एंबुलेंस से सीएचसी फाजिलनगर भेजा। वहां डाक्टर ने बाइक सवार युवक को मृत घोषित कर दिया। जबकि महिला को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। सीओ कसया कुंदन सिंह ने बताया कि हादसे में युवक की मौत हुई है। घायल महिला का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।