पकड़ियार बाजार। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के पड़री मेहंदिया गांव में मंगलवार की रात पति से फोन पर विवाद के बाद महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच में जुट हुई है।
थाना क्षेत्र के पड़री मेंहदिया के पवन तिवारी की पत्नी प्रीति (32) की मंगलवार की रात भोजन के बाद पति से फोन पर बात के दौरान किसी बात पर नोकझोंक हो गई। पवन तिवारी चार महीने से दुबई में नौकरी करते हैं। परिजनों के बताया कि नोकझोंक के बाद प्रीति अपने कमरे चली गई। काफी समय बाद भी वह बाहर नहीं आई तो परिवार के लोग वहां पहुंचे। देखा कि वह कमरे में अचेत पड़ी है। घर में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आस-पड़ोस के लोगों की भीड़ जुट गई। परिजन गांव के पड़ोसियों के साथ आनन-फानन महिला को इलाज के लिए कोटवा सीएचसी ले गये। जहां डॉक्टर ने प्रीति को मृत घोषित कर दिया। प्रीति के दो बच्चे भी हैं। प्रीति का मायका महराजगंज जिले के सबया गांव में है। परिजनों की सूचना पर मायके से लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन उनकी ओर से कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी गई। बुधवार को पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संंबंध में सीओ उमेश चंद्र भट्ट ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है, अगर कोई तहरीर मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।