- नौरंगिया तिरहा व सरपतही गांव के पास हुआ हादसा
पडरौना। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के दो सड़क हादसे में एक की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गंभीर रूप से घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
नेबुआ नौरंगिया थाना के नौरंगिया तिरहा पर शुक्रवार को दो बाइकों के बीच टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज हुई कि दुदही जमुआन गांव निवासी विरेंद्र 17 व पूर्णवासी 18 और नेबुआ रायगंज निवासी राजकुमार 15, टिंकू मिश्र 16 गंभीर रुप से घायल हो गए। लोगों ने घायलों को सीएचसी पर पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने राजकुमार को मृत घोषित कर दिया। बाकी घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। किशोर की मौत की खबर सुनते ही घर वाले अस्पताल पहुंच गए और चीख पुकार मच गई। वहीं दूसरी दुर्घटना सरपतही गांव के पास हुआ। जहां बाइक सवार को टेंपो ने टक्कर मार दिया। बाइक सवार सरपतही बुजुर्ग गांव निवासी नौशाद 30 और मिठहा निवासी रामप्रवेश गुप्ता 25 घायल हो गए। दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। इंस्पेक्टर अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सड़क हादसे में घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।