-नौरंगिया-कप्तानगंज मार्ग पर भूमिहारीपट्टी चौराहे पर हुई दुर्घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
पकड़ियार बाजार। क्षेत्र के नौरंगिया-कप्तानगंज मार्ग पर बृहस्पतिवार को भूमिहारीपट्टी चौराहे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत हो गई। बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने घायल को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भेजवाया, जहां से डॉक्टर ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहीं, घटना को अंजाम देने के बाद अज्ञात वाहन का चालक गाड़ी समेत फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
खोटही गांव के टोला घरवासी छपरा निवासी रमावती देवी (50) तमकुहवा बिहार रिश्तेदार के घर गईं थीं। दोपहर में रिश्तेदार बिक्कू के साथ बाइक से लौट रही थीं। इसी दौरान नौरंगिया-कप्तानगंज मार्ग पर भूमिहारी पट्टी चौराहे के समीप एक वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे महिला समेत बाइक चालक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। थोड़ी ही देर में मौके पर ही महिला रमावती की मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने घायल बिक्कू का चौराहे पर प्राथमिकी उपचार कराने के बाद मेडिकल कॉलेज भेजवा दिया। टक्कर मारने के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। इस संबंध में एसएचओ हर्षवर्धन सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।