गंगुआ बाजार। तमकुहीराज थाना क्षेत्र के समउर-पटहेरिया मार्ग से टोला दीप राय गांव जाने वाले लिंक मार्ग पर एक बाइक सवार एलआईसी एजेंट से छठ घाट के पास बाइक सवार युवक ओवरटेक कर उसे धमका कर 40 हजार रुपये छीनकर भाग गया। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची, कुछ देर बाद सीओ भी पहुंच गए।
तमकुहीराज थाना क्षेत्र के बिहार बुजुर्ग गांव के टोला दीप राय निवासी वीरेंद्र राय (64) एलआईसी में एजेंट हैं। वह शुक्रवार को कसया ब्रांच पर पैसा जमा करने व शादी का कार्ड देने के लिए बाइक से निकले थे, लेकिन बारिश होने के कारण कसया न जाकर तुर्कपट्टी की तरफ रिश्तेदारी में चले गए। शाम करीब पांच बजे बाइक से घर लौट रहे थे, अभी वह अपने घर से करीब एक किमी पहले छठ घाट के समीप पहुंचे थे कि पीछे से एक बाइक सवार युवक ओवरटेक कर गाड़ी रोक दिया । उन्हें धमकाते हुए 40 हजार रुपये छीन लिया। एलआईसी एजेंट अभी कुछ समझ पाते कि वह वहां वापस बिहार बुजुर्ग गांव की ओर भाग गया।
इसके बाद एलआईसी एजेंट अपने घर गए और बेटे को पूरी बात बताई। बेटा पिता को लेकर घटनास्थल पर आया और डायल 112 पर फोन कर रुपये छीनने की सूचना दी। इसके बाद तमकुहीराज के थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे। सीओ राकेश प्रताप सिंह भी पहुंंच गए।
एलआईसी एजेंट से पूरी घटना की जानकारी लेने के बाद सड़क के किनारे मकानों में लगे सीसी टीवी कैमरों का फुटेज देखा तो एक बाइक सवार युवक इनके पीछे जाते हुए दिख रहा है, पुलिस इसकी मदद से युवक तक पहुंचे की कोशिश में जुटी है।