पुलिया की रेलिंग क्षतिग्रस्त होने से नहर में गिरा बाइक सवार
राहगीरों ने बाइक सहित उसे बाहर निकाला, कोहरे की वजह से आवागमन में लोगों को हो रही परेशानी
बनकटा बाजार। क्षेत्र से होकर गुजरने वाली रजबाहा पर बनी पुलिया की रेलिंग क्षतिग्रस्त होने से शुक्रवार दोपहर एक बाइक सवार रजबाहा में गिर गया। मौके पर राहगीरों ने उसे और बाइक को नहर से बाहर निकाला। कोहरे की वजह से आवागमन में ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। लोगों ने रजबाहा, माइनर पर बनी पुलियों के रेलिंग की मरम्मत कराने की मांग की है।
क्षेत्र के भानपुर, बनकटा बाजार, इंदिरा बाजार, कोइलसवा बुजुर्ग, बलियवा, दुलदुलिया बाजार, बेलवा आलम दास, भठही बुजुर्ग, भठही दरियवा टोला, उसमानपुर सहित अन्य ग्राम पंचायतों में होकर दर्जनों मानइर, रजबाहा गुजरती हैं। इन पर जगह-जगह बनी पुलिया की रेलिंग क्षतिग्रस्त होकर टूट गई है। शुक्रवार को बिहार के कटेया निवासी जावेद अख्तर भानपुर की तरफ जा रहे थे, तभी वह भानपुर के पास पुलिया की रेलिंग टूटने से बाइक सहित माइनर में गिर गया। आसपास के लोगों ने उसे बाहर निकालकर सीएचसी फाजिलनगर पहुंचाया।
भानपुर के ग्राम प्रधान नबी रसूल, लड्डन खान, जितेंद्र सिंह, धर्मेंद्र शाह, सरफराज ,रामायण यादव, हरकेश प्रसाद, अलाउद्दीन खान, लाल बचन यादव, अशोक प्रजापति सहित अन्य लोगों ने क्षतिग्रस्त रेलिंग की मरम्मत कराने की मांग की है। जिला पंचायत सदस्य लखीचंद यादव ने बताया कि पुलिया का एप्रोच बनाया जाना बहुत जरूरी है।
इस संबंध में क्षेत्रीय विधायक सुरेंद्र सिंह कुुशवाहा ने बताया कि क्षतिग्रस्त बनवाने के लिए अधिकारियों को पत्र लिखा जाएगा।