गोपालगढ़ पेट्रोलपंप के पास हुई दुर्घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
मल्लूडीह। कसया थाना क्षेत्र के गोपालगढ़ पेट्रोल पंप के पास एनएच-28 पर सोमवार की देर रात बाइक सवार युवक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे स्थित पेड़ से टकरा गया। इससे बाइक चालक और उसके पीछे बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को कसया सीएचसी ले जाया गया, जहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई।
दूसरे घायल युवक का इलाज वहां हो रहा है। बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। कुशीनगर नगर पालिका क्षेत्र के अभिनायकपुर वार्ड निवासी शक्ति सिंह पुत्र दयानंद सिंह (17) सोमवार की देर रात मोहल्ले के ही युवक कृष्णा सिंह पुत्र हरिलाल सिंह (17) को कसया बस स्टैंड से बाइक पर बैठाकर घर जा रहे थे। गोपालगढ़ पेट्रोल पंप के पास पहुंचे ही थे कि गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई।
इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसया पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान शक्ति सिंह की मौत हो गई, जबकि कृष्णा सिंह का इलाज गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। शक्ति सिंह अपने माता के इकलौते पुत्र थे। पिता रोजगार के सिलसिले में सऊदी अरब में रहते हैं। घर पर मां और दादा का रो रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम के ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।