पडरौना। बरात से लौट रहे बाइक सवार तीन युवकों की बाइक आधी रात को पकड़ियार बाजार रोड पर सिंहहा पुल से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज हुई कि सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। मोहल्ले से गई बरात में दोनों भाई दोस्त के साथ शामिल होने गए थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल युवक का इलाज गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
पडरौना शहर के चंद्रगुप्त मौर्य नगर जंगल बेलवा मटियवरवा निवासी भरत पटेल के बेटे राहुल की बरात बुधवार को नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के खानू छपरा गांव के नौका टोला पर की गई थी। मोहल्ले के सगे भाई रामविलास शर्मा (42) और चंदन शर्मा (26) अपने दोस्त बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के धनहा थाना क्षेत्र के घघवा रूपही कठार गांव निवासी 23 वर्षीय बबलू के साथ बाइक से बरात में शामिल होने गए थे। देर रात भोजन करने के बाद तीनों एक ही बाइक से घर के लिए निकले। बाइक चंदन चला रहा था। पकड़ियार बाजार रोड पर बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई। बाइक की रफ्तार इतनी तेज थी कि रामविलास शर्मा और चंदन शर्मा की मौके पर मौत हो गई।
रात होने के कारण करीब आधे घंटे तक बाइक सवार तीनों सड़क किनारे पड़े थे। उधर से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। इसी बीच बबलू के मोबाइल पर परिजनों का फोन आया तो राहगीरों ने रिसीव कर घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से तीनों को मेडिकल कॉलेज भेज दिया। दोनों भाइयों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि बबलू की हालत गंभीर देख गोरखपुर मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। कुछ देर बाद परिजन और मोहल्ले वाले भी मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। इस घटना से मोहल्ले में मातम छा गया। सीओ अभिषेक प्रताप अजेय ने बताया कि सड़क हादसे में सगे भाइयों की मौत हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव को घर वालों को सुपुर्द कर दिया गया। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।