महुआरी चौराहे पर हादसे के बाद बाइक में फंसे युवक का पैर निकालने के लिए पुर्जे खोलता मैकेनिक।
सुकरौली। हाटा कोतवाली क्षेत्र के महुआरी चौराहे पर बुधवार को एक अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे खड़ी बुलेट से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार युवक का पैर अपनी ही बाइक में बुरी तरह फंस गया। काफी प्रयास के बाद भी जब पैर नहीं निकला तो मैकेनिक को बुलाना पड़ा। उसने बाइक के पुर्जे खोले, तब जाकर युवक का पैर बाहर निकाला जा सका।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के बल्डीहा निवासी सुशील बाइक से सुकरौली जा रहे थे। महुआरी चौराहे पर पहुंचते ही उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी बुलेट से टकरा गई। टक्कर के बाद उनका पैर बाइक में फंस गया। मौके पर मौजूद लोगों ने पैर निकालने का काफी प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल की।
इसके बाद मैकेनिक को बुलाया गया। उसने बाइक के पुर्जे खोलकर किसी तरह युवक का पैर बाहर निकाला। हादसे के समय सुशील ने हेलमेट नहीं पहना था। आसपास मौजूद लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।