संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। रविवार की रात पडरौना शहर में निकलने वाले पारंपरिक डोल को लेकर पुलिस ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। यातायात पुलिस ने रविवार की शाम छह बजे से सोमवार सुबह 11 बजे तक रूट डायवर्जन लागू किया है।
इस दौरान शहर में कोई भी कार और बड़ा वाहन प्रवेश नहीं करेगा। मेला में उमड़ी भीड़ को देखते हुए जरूरत के अनुसार यातायात व्यवस्था में अन्य बदलाव भी हो सकते हैं। इसलिए शहर में वाहनों से आने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए।
यातायात निरीक्षक अश्वनी राय ने बताया कि शहर के विभिन्न मोहल्लों से भगवान श्रीकृष्ण की झांकियां और डोल निकलते हैं, जो निर्धारित मार्गों से होकर गुजरते हैं। इसे देखते हुए जुलूस मार्ग पर यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना रहती है। यातायात पुलिस की ओर से डायवर्जन के दौरान शहर के प्रमुख प्रवेश मार्गों और चौराहों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। जुलूस के दौरान आवश्यकतानुसार वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से गुजारा जाएगा।
लोगों से अपील की गई है कि वे निर्धारित अवधि में शहर के भीतरी मार्गों पर अनावश्यक वाहन लेकर जाने से बचें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें। उन्होंने बताया कि रविवार की शाम छह बजे से सोमवार की सुबह 11 बजे तक पडरौना की तरफ से आने वाले सभी तरह के बड़े वाहन जिला मुख्यालय स्थित सरस्वती चौक से बाईपास के रास्ते जाएंगे।
वहीं रामकोला, कप्तानगंज और खड्डा की तरफ से आने वाले वाहन मिश्रौली स्थित गंडक नहर पुल के पास से नहर की पटरी के रास्ते अपने गंतव्य की तरफ जाएंगे। बांसी, जटहां और बिहार की तरफ से आने वाले बड़े वाहन खिरकिया स्थित बाईपास के रास्ते गंतव्य की तरफ जाएंगे।