तमकुहीराज। बिना मान्यता के चल रहे निजी विद्यालयों पर सख्ती शुरू हो गई है। सोमवार को दो अमान्य स्कूलों में बीईओ ने ताला बंद करा दिया और बच्चों को घर भेज दिया। बच्चों के अभिभावकों को पास के स्कूलों में नामांकन कराने के लिए कहा। बीईओ ने अवैध तरीके से कक्षा छह से आठ तक संचालित स्कूलों को भी बंद करा दिया।
बीईओ पूर्वांचल पब्लिक स्कूल देवपोखर पहुंचे। इस स्कूल की मदरसा बोर्ड से पांचवीं तक की मान्यता है लेकिन, आठवीं तक कक्षाएं चल रही थीं। उन्होंने मान्यता छठी से आठवीं तक की कक्षाओं पर रोक लगा दी। छहूं के हरिजन बाल विद्या मंदिर में भी मान्यता से अधिक कक्षाएं चलाते पकड़ा गया। इस स्कूल में भी छठी से आठवीं तक की कक्षाएं बंद कराई गईं। आनंद पब्लिक स्कूल तुर्कपट्टी महुअवा में बिना मान्यता पांचवीं तक कक्षाएं संचालित की जा रही थी। संचालक कोई कागजात नहीं दिखा सके। बच्चों को घर भेजने के बाद स्कूल में बीईओ ने ताला बंद करा दिया। स्कूल के प्रबंधक का कहना था कि स्कूल दुदही ब्लाॅक में है और मान्यता के लिए आवेदन तमकुही ब्लॉक में किया गया है।
बुद्ध स्मारक एसएसएस विद्यालय अमवा महंथ में बिना मान्यता नर्सरी से पांचवीं तक की कक्षाएं चल रही थीं। इस स्कूल को भी बंद कराया गया। अवैध तरीके से संचालित होने वाले स्कूलों पर कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मचा रहा। बीईओ सुधीर कुमार ने बताया बिना मान्यता कक्षाएं संचालित करने वाले निजी स्कूलों को नोटिस जारी किया है। बिना मान्यता वाले स्कूलों के संचालन पर रोक लगाई जा रही है। इन स्कूलों में पढ़ने वाले अभिभावकों से पास के परिषदीय स्कूलों में नामांकन के लिए कहा गया है।