गंगुआ बाजार। इस बार लोकसभा के चुनाव में 85 प्लस और दिव्यांग मतदाता घर से मतदान कर सकेंगे। पोलिंग पार्टियां उनके घर जाएंगी। बीएलओ घर-घर जाकर ऐसे मतदाताओं की सूची तैयार कर रहे हैं। एसडीएम तमकुहीराज विकास चंद ने बताया कि शतप्रतिशत मतदान कराने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है। जिन मतदाताओं की उम्र 85 वर्ष से अधिक है या दिव्यांग हैं। उनका मतदान सुनिश्चित कराने के लिए फार्म 12-डी भरवाया जा रहा है। इसमें उन्हें विकल्प दिया जा रहा है कि वे बूथ पर वोट डालेंगे या घर। अगर मतदाता बूथ पर जाना चाहता है तो उन्हें व्हील चेयर या अन्य सपोर्टिंग सिस्टम से बूथ तक पहुंचाया जाएगा। यदि वे बूथ तक नहीं जाना चाहते तो पोलिंग पार्टी मतदाता के घर जाकर उनका वोट डलवाएगी। उन्होंने बताया कि अभी तक तहसील क्षेत्र के करीब 30 मतदाता चिह्नित हुए हैं, जो घर से वोट डालेंगे।