पुलिस की पिटाई से नाराज लोग मवेशी समेत पहुंच गए हाईवे पर
रहसू बाजार। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के धुनवलिया गांव में बृहस्पतिवार को दोपहर में जमीन का विवाद सुलझाने गई पुलिस पर डंडा चलाने का आरोप है। इससे एक ही पक्ष के पांच लोगों को चोटें आई हैं। विरोध में लोगों ने एनएच-28 पर मवेशियों को खड़ा कर लगभग आधा घंटा तक आवागमन बाधित रखा। बाद में पुलिस ने पशुओं को हटाकर आवागमन बहाल कराया।
बताया जा रहा है कि धुनवलिया गांव के जगदीश पांडेय और उनके भाई परमात्मा पांडेय में जमीन का विवाद चल रहा है। बृहस्पतिवार की दोपहर परमात्मा पांडेय अपने हिस्से की जमीन में दीवार बनवा रहे थे। उन्होंने बताया कि जोकवा पुलिस चौकी पर तैनात सिपाही बाइक से पहुंचे और उन्हें तथा उनके परिवार के लोगों की डंडे से पिटाई करने लगे। इससे परमात्मा पांडेय, उनकी पत्नी सीमा देवी, लड़के बबलू पांडेय, संतोष पांडेय और राजू पांडेय घायल हो गए। घायलों का इलाज सीएचसी फाजिलनगर में चल रहा है।
इसके विरोध में पीड़ित परिवार मवेशियों को लेकर हाइवे पर पहुंच गया और कुछ देर के लिए मार्ग जाम कर दिया। विवाद बढ़ता देख सिपाही अपनी बाइक छोड़कर भाग गया। सूचना पर पहुंची तुर्कपट्टी थाने की पुलिस ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
इस संबंध में तुर्कपट्टी थाने के एसएचओ जयप्रकाश पाठक का कहना है कि मामला संज्ञान में है। दोनों पक्षों को थाने पर लाया गया है। दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।