बुधवार को विधानसभा चुनाव की तारीख घोषित और चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद प्रशासन भी सक्रिय हो गया। पडरौना नगर सहित जनपद के सभी प्रमुख बाजारों और चौराहों पर लगे भावी प्रत्याशियों और जनप्रतिनिधियों के पोस्टर-बैनर एवं होर्डिंग्स उतरवा दिए गए।
पडरौना नगर में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट और एसडीएम सदर संजीव रंजन की मौजूदगी में नगरपालिका प्रशासन ने बुधवार को दोपहर बाद बैनर-पोस्टर एवं होर्डिंग्स उतरवा दिए। नगर के सुभाष चौक, कठकुइयां रोड, कोतवाली रोड, धर्मशाला रोड सहित कई प्रमुख स्थलों पर लगेे बैनर-पोस्टर एवं होर्डिंग्स उतरवाए गए।
कसया प्रतिनिधि के अनुसार प्रशासन ने कसया तहसील परिसर समेत कस्बे में प्रमुख चौराहों और सड़कों के किनारे लगाए गए नेताओं के बैनर और होर्डिंग्स को उतरवाया।
खड्डा प्रतिनिधि के अनुसार खड्डा कस्बे के भी चौराहों, बिजली के खंभे पर लगे होर्डिंग्स और अन्य पोस्टरों को नगर पंचायत के कर्मचारियों के जरिए उतरवाए गए। एसडीएम रामाश्रय सिंह की देख-रेख में खड्डा पुलिस व नगर पंचायत के कर्मचारियों बैनर-पोस्टर एवं होर्डिंग्स उतरवाए। इस दौरान तहसीलदार आरपी वर्मा, नायब तहसीलदार रामनाथ, कस्बा इंचार्ज ओपी सिंह सहित अन्य लोग मौजूद थे।
गुरवलिया बाजार प्रतिनिधि के अनुसार विधान सभा चुनाव की घोषणा होने के बाद तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के गुरवलिया बाजार, राजापाकड़, भेलया, देवपोखर, तुर्कपट्टी चौराहे पर सडक़ के किनारे लगे वैनर-होर्डिंग्स को एसओ नवीन कुमार सिंह की देखरेख में उतारा गया।
रामकोला प्रतिनिधि के अनुसार एसओ गजेंद्र राय ने पुलिस बल के साथ कस्बे के प्रमुख चौराहों पर पहुंचकर वहां लगे बैनर-होर्डिंग्स उतराया।