पडरौना। कलक्ट्रेट सभागार में डीएम की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अधिकारियों और बैंकर्स के साथ बैठक हुई। इसमें केला और हल्दी प्रसंस्करण उद्योग के लिए किसानों को सुविधा संपन्न बनाने और आधारभूत संरचनाओं के विकास के लिए आसानी से ऋण उपलब्ध कराने पर चर्चा की गई। बैंकर्स को रोजगार योजनाओं के लिए ऋण मुहैया कराने की हिदायत दी गई।
डीएम उमेश मिश्र ने कहा कि जिला उद्योग केंद्र की तरफ से मुख्यमंत्री युवा रोजगार योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। खादी ग्राम उद्योग बोर्ड की तरफ से प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम व मुख्यमंत्री ग्राम उद्योग रोजगार योजना संचालित है। इनका लक्ष्य प्रगतिशील किसानों को कुशल उद्यमी बनाना है। इसके तहत केला एवं हल्दी की खेती करने वाले किसानों को उद्योग के लिए ऋण उपलब्ध कराना है। शासन के निर्देश का अनुपालन करते हुए सभी बैंकर्स किसानों को मिलने वाली सब्सिडी, टर्म लोन, कैश क्रेडिट, प्रोजेक्ट वर्क, ब्याज आदि पर ऋण उपलब्ध कराएं।
इस दौरान सीडीओ गुंजन द्विवेदी, उपायुक्त उद्योग अभय कुमार सुमन, एलडीएम संतोष कुमार, उप कृषि निदेशक आशीष कुमार, जिला उद्यान अधिकारी कृष्ण कुमार, मुकेश श्रीवास्तव, राम कृपाल यादव आदि मौजूद रहे।