जौरा बाजार। क्षेत्र के जोकवा बाजार निवासी एक व्यक्ति ने पंजाब नेशनल बैंक जोकवा बाजार के कर्मचारियों पर खाते से रुपये की धोखाधड़ी और दुर्व्यवहार का आरोप लगाया। उन्होंने रीजनल मैनेजर व बैंकिंग लोकपाल को शिकायती पत्र भेज कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता चंद्रशेखर यादव ने रीजनल मैनेजर गोरखपुर व बैंकिंग लोकपाल कानपुर को दिए शिकायती पत्र में कहा है कि उनके बचत खाते से एक जनवरी 2020 में उनके व उनके बड़े भाई रामदास यादव के नाम से प्रति माह तीन-तीन हजार रुपये का पांच वर्ष के लिए स्वचालित दो आवर्ती खाता खुला था। इसकी परिपक्वता तिथि एक जनवरी 2025 थी। पीड़ित ने मंगलवार को जब कस्बा स्थित बैंक जाकर भुगतान के बारे में जानकारी ली तो पता चला कि दोनों खाते के 4,23,152 रुपये के सापेक्ष मात्र 74,252 रुपये ही भुगतान ही किया जा रहा है। आरोप है कि इस बारे में जानकारी करने करने पर काउंटर पर मौजूद दो बैंक कर्मचारी उनसे उलझ गए और बदसलूकी करने लगे। चंद्रशेखर का आरोप है कि उनके आवर्ती खातों के भुगतान में कर्मचारियों की ओर से धोखाधड़ी कर काफी कम रुपये का भुगतान किया जा रहा है।
इस बाबत शाखा प्रबंधक ऋषभ शुक्ल ने कहा कि फोन पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।