अहिरौली बाजार। अहिरौली बाजार थाना परिसर में रविवार को पुलिस ने दुर्गा पूजा को लेकर सराफ व्यापारियों व डीजे संचालकों के साथ बैठक की। इस दौरान डीजे संचालकों से कहा गया कि तेज आवाज में डीजे बजाने पर प्रतिबंध है। संचालक ध्वनि प्रदूषण के नियमों का पालन करें। अगर नियमों का उल्लंघन किया गया तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसओ रवि कुमार राय ने कहा कि ध्वनि प्रदूषण विधेयक के नियमानुसार डीजे बजाया जाएगा। इसका अनुपालन नहीं करने पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सराफा व्यापारियों को आगाह करते हुए एसओ ने उन्हें दुकान में सीसीटीवी कैमरा लगवाने का निर्दश दिया। उन्होंने दुर्गा पूजा समिति के लोगों से बातचीत भी की। कहा कि दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए जो रास्ते पहले से निर्धारित हैं, उसी रास्ते से विसर्जन जुलूस निकलेगा। कोई भी नई परंपरा अथवा नये रास्ते की शुरुआत नहीं की जाएगी।नशीले पदार्थ का सेवन कर विसर्जन जुलूस में यदि कोई मिलता है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई होगी। इस दौरान एसआई पुरुषोत्तम पांडेय, अजीत कुमार, जुगेश आनन्द, हेड कांस्टेबल ओम पांडेय, कांस्टेबल अनिल यादव, पंकज कुमार, दिनेश पांडेय, संजय कुमार आदि मौजूद रहे।