पडरौना। बकरीद के त्योहार को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। त्योहार पर जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए डीएम ने दो सुपर जोनल, छह जोनल और 38 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए हैं। तैनात मजिस्ट्रेट जिले में सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने में मदद करेंगे। डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि ईदज्जुहा (बकरीद ) जिले में सात जून को मनाई जाएगी। इस मौके पर सभी मस्जिदों में नमाज पढ़ी जाएगी। इस त्यौहार पर विशेष सतर्कता बरतते हुए शांति एवं कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के लिए सुपर जोनल, जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। उन्होंने बताया कि कसया, हाटा व तमकुहीराज तहसील क्षेत्र के लिए एडीएम वित्त एवं राजस्व वैभव मिश्रा और पडरौना, खड्डा व कप्तानगंज तहसील के लिए एडीएम न्यायिक प्रेम कुमार राय को सुपर जोनल मजिस्ट्रेट नामित किया गया है। सभी एसडीएम अपने-अपने तहसील क्षेत्र के जोनल मजिस्ट्रेट होंगे। इसी तरह जिले के 38 अधिकारियों को सेक्टर मजिस्ट्रेट नामित किय गया है।