पडरौना। चेन्नई में आयोजित पहली एशियन टेनिस बॉल क्रिकेट चैंपियनशिप में बहरीन ने मालदीव को हराकर खिताब जीत लिया। इस जीत में कुशीनगर के सतीश ने अहम भूमिका निभाई। सतीश यादव ने फाइनल में आठ गेंदों पर 30 रन बनाए।
विज्ञापन
पहली एशियन टेनिस बॉल क्रिकेट चैंपियनशिप में बहरीन क्रिकेट फेडरेशन की चैंपियन टीम में शामिल जिले के चार खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई। खासकर विकेटकीपर बल्लेबाज सतीश ने फाइनल मुकाबले में तूफानी पारी खेलकर विपक्षी टीम के गेंदबाजों के छक्के छुड़ा दिए।
उनके प्रदर्शन की बदौलत बहरीन ने मालदीव को 21 रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया। 26 से 29 अक्तूबर तक चेन्नई के केसीजी कॉलेज में आयोजित इस प्रतियोगिता में एशिया की 12 टीमों ने हिस्सा लिया। इसका आयोजन टेनिस बॉल क्रिकेट फेडरेशन ऑफ इंडिया ने एशियन टेनिस बॉल क्रिकेट फेडरेशन और इंटरनेशनल टेनिस बॉल क्रिकेट फेडरेशन के तत्वावधान में किया था।