परेशानी बढ़ाने लगे हैं झूलते जर्जर तार-पोल
कुबेरस्थान रोड पर गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में फंसकर टूटा तार
- सड़कें ऊंची होने से तार और पोल हो गए हैं नीचे
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। चीनी मिलों में पेराई सत्र शुरू होते ही विद्युत उपभोक्ताओं की समस्या फिर बढ़ने लगी है। शनिवार को सुबह लगभग दस बजे पडरौना शहर के कुबेरस्थान रोड पर गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में फंसकर तार और पोल टूट गए। तारों के टकराने से सड़क पर चिनगारियां गिरने से राहगीरों में अफरा तफरी मच गई। वाहनों की लंबी कतार लग गई। हाइडिल से बिजली कटवाने के बाद आवागमन बहाल हुआ।
शहर में सड़कें ऊंची हो जाने के कारण इनके किनारे स्थित दशकों पुराने जर्जर तार-पोल काफी नीचे आ गए हैं, जिसकी वजह से इस तरह की समस्याएं गन्ना पेराई सत्र में रोज उत्पन्न होंगी। पडरौना शहर में वर्षों पुराने बिजली के पोल तथा जगह-जगह झूल रहे तारों के कारण शहरवासी स्वयं को असुरक्षित महसूस करते हैं। यह स्थिति कसया रोड, कुबेरस्थान रोड, रामकोला रोड, कोतवाली रोड, धर्मशाला रोड, जटहां बाजार रोड, कसेरा टोली रोड, मेन बाजार रोड, छावनी बाईपास रोड, गुदरी बाजार, बेलवा चुंगी सहित कई स्थानों पर है, जहां झूलते तार और जर्जर पोल के कारण हादसा होने का अंदेशा बना रहता है। फिर भी आबादी क्षेत्र में हैवी लाइन को हटाने, झूलते तारों को ऊंचा कराने और झुके पोल की जगह नए पोल लगवाने में बिजली निगम रुचि नहीं ले रहा है। जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन भी कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ता है।
नगर से होकर गुजर रहे बाईपास के अलावा शहर सहित अन्य सड़कों से प्रतिदिन भारी वाहनों का आवागमन रहता है। चीनी मिलों में पेराई सत्र शुरू हो जाने के बाद गन्ना लदे ट्रक और ट्रैक्टर ट्राली काफी संख्या में शहर से होकर गुजरते है। इन वाहनों की आवाजाही के कारण झूलते तारों से हादसा होने की आशंका बनी रहती है। कई बार बड़े वाहनों में झूलते तार फंस जाते हैं, जिससे बिजली गुल हो जाती है। यह स्थिति सड़कें ऊंची हो जाने और ओवरलोड वाहनों के चलते उत्पन्न होती है। शनिवार को कुबेरस्थान रोड पर गन्ना लदी ओवरलोड ट्रैक्टर ट्राली में फंसकर तार-पोल टूट गया। तारों से चिनगारियां गिरने लगीं। संयोग ठीक था कि कोई राहगीर हताहत नहीं हुआ।
-----
जर्जर तारों और बिजली के खंभों के बारे में उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। सभी एक्सईएन और एसडीओ को निर्देश दिया गया है कि अपने-अपने क्षेत्र में चेक कर लें। जहां भी तार-पोल बदलने या मेंटेनेंस की आवश्यकता महसूस हो रही हो, उसका ब्योरा दें। उन्हें बदलवाया जाएगा।
- राधेश्याम, अधीक्षण अभियंता, कुशीनगर