विधायक और लेखपाल में कहासुनी का ऑडियो वायरल
हाटा। ग्राम सभा की भूमि पर अतिक्रमण को खाली कराने के मामले में हलका लेखपाल और हाटा विधायक में कहासुनी का ऑडियो वायरल हुआ है।
हाटा तहसील क्षेत्र के मुंडेरा लाला में ग्राम सभा की भूमि को सार्वजनिक शौचालय के लिए चिह्नित किया गया है। राजस्व विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, उस जमीन पर ग्राम सभा के एक व्यक्ति ने कब्जा किया था। उसे खाली करने के लिए कई बार नोटिस दिया गया। फिर भी जमीन खाली नहीं होने से सार्वजनिक शौचालय का निर्माण शुरू नहीं हो पाया है।
विधायक पवन केडिया का कहना है कि वह जमीन कब्जाधारक को नसबंदी के दौरान पट्टे में मिली है। वायरल ऑडियो के बारे में लेखपाल रविकांत कुमार का कहना है कि विधायक सार्वजनिक शौचालय के लिए चिह्नित जमीन को छोड़कर कहीं और जमीन देने की बात कह रहे हैं। जबकि वह ग्राम सभा की जमीन है और विधायक अतिक्रमण करने वाले व्यक्ति को अपना करीबी बताकर हस्तक्षेप नहीं करने का दबाव बना रहे थे। लेखपाल का कहना है कि उस जमीन पर कब्जा करने वाले व्यक्ति को दूसरे गाटा संख्या में पट्टा मिला है और उन्होंने ग्राम सभा के दूसरे गाटा संख्या में कब्जा किया है।