पडरौना। ऑनलाइन ठगी के शातिर जालसाज अब उन लोगों को निशाना बना रहे हैं। ज्यादातर समय मोबाइल पर बिताने और सोशल मीडिया पर आने वाले किसी भी लिंक को आसानी से खोल देने वाले लोग इनके निशाने पर हैं। ठग ऐसे लोगों को व्हाट्सएप या कॉल पर मैसेज भेजते हैं, जिसमें बैंक या आधार अपडेट के नाम पर एक एपीके (एंड्रायड पैकेज किट) फाइल का लिंक होता है। एपीके फाइल के डाउनलोड के बाद मोबाइल का पूरा एक्सेस हैकर के पास चला जाता है। इससे आने वाली ओटीपी सीधे हैकर को मिलता है और वह बड़े ही आसानी से बैंक खातों से रकम उड़ा देते हैं।
सिर्फ इतनी ही नहीं, मोबाइल एक्सेस लेने के बाद ठग डाटा को भी अपने पास स्टोरेज कर लेते हैं। ऐसे में व्हाट्सएप ग्रुपों पर आने वाली एपीके फाइल को देखते ही क्लिक करने से बचे। अगर आपने फाइल डाउनलोड कर उसे खोला तो हैकर सीधे मोबाइल का एक्सेस अपने हाथ में ले लेंगे। इससे न सिर्फ बैंक खाता खाली होगा, बल्कि मोबाइल का सारा डाटा भी हैकर के पास चला जाएगा।
इन दिनों पीएम आवास योजना को लेकर लोग टकटकी लगाए बैठे हैं। शहर समेत जिले के कई लोगों को ठगों की ओर से व्हाट्सएप के जरिए एपीके फाइल भेजी गई है। इसका नाम ठगों ने पीएम आवास योजना की लिस्ट देखें नाम से सेव कर रखा है। अगर किसी ने भी इस एपीके फाइल को क्लिक किया तो खाता भी खाली होगा और डाटा भी चला जाएगा। जानकारों का कहना है कि ठगों की ओर से भेजी गई एपीके फाइल को डाउनलोड करने पर वह मोबाइल को हैक कर लेते हैं। इससे ठग मोबाइल का पूरा एक्सेस पा जाते हैं और निजी जानकारियां जैसे बैंक डिटेल्स, ओटीपी आदि लेने के बाद अवैध गतिविधियों को अंजाम देते हैं। यही नहीं, मोबाइल में सहेजी गई तस्वीर, लोगों के कॉन्टैक्ट नंबर इत्यादि भी ले लेते हैं। साइबर पुलिस का कहना है कि व्हाट्सएप पर आने वाली एपीके फाइल को किसी भी कीमत पर डाउनलोड न करें। अगर गलती से डाउनलोड हो गया तो उसे इंस्टाल करने से बचे।