खडडा। घर में घुसकर युवती के साथ युवक दुष्कर्म का प्रयास किया और साथ भागने के लिए दबाव बनाया। विरोध करने पर युवती के मुंह में कपड़ा ठूंसकर चाकू से ताबड़तोर वार जख्मी कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक भाग निकला। बहन और भाइयों के शोर मचाने पर घोठे पर सो रहे माता-पिता पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। घायल युवती को लेकर घर वाले कोटवा सीएचसी पहुंचे, तब तक पुलिस भी पहुंच गई। डॉक्टर ने उसकी हालत गंभीर बताते हुए रेफर कर दिया। पुलिस की मौजूदगी में युवती का इलाज गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
खड्डा थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती अपने छोटे भाई और दो बहनों के साथ मंगलवार की रात घर में सो रही थी, जबकि इसके माता-पिता पास के घोठे पर सो रहे थे। आधी रात को पड़ोसी गांव का पवन कुमार बाउंड्रीवाल कूदकर घर में दाखिल हो गया। कमरे में सो रही युवती की नींद खटपट की आवाज सुनकर खुल गई। युवती ने युवक को देखकर शोर मचाने की कोशिश की तो भाई की हत्या की धमकी देकर युवती को दूसरे कमरे में लेकर चला गया। घर वालों के अनुसार, युवती के साथ युवक पहले दुष्कर्म की कोशिश की, विरोध करने पर वह साथ में भागने को कहा। युवती ने मना कर दिया तो उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और चाकू से सीने,पेट समेत सात जगह वार किया। घटना को अंजाम देने के बाद युवक फरार हो गया। परिजनों ने बताया कि युवती कक्षा 11 की छात्रा है। पड़ोसी गांव का रहने वाला पवन यादव इसके पीछे कई दिनों से पड़ा था। मना करने के बाद भी नहीं मानता था। आरोपी मनबढ़ किस्म का है। सीओ खड्डा उमेश चंद भट्ट ने बताया कि पिता की तहरीर पर आरोपी युवक पवन यादव के खिलाफ हत्या का प्रयास का केस दर्ज किया गया है। अगर घर वालों का दुष्कर्म की कोशिश का आरोप है तो युवती के बयान के बाद धाराओं में बढ़ोतरी कर ली जाएगी। आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
-
डेढ़ साल पहले भी दरवाजे पर चढ़कर युवती को पीटा था आरोपी
-आरोपी पवन पुरानी बाइकों को खरीदने बेचने का कार्य करता है। आस-पास के गांव में वह दबंगई दिखाता है। युवती के पिता ने बताया कि डेढ़ साल पहले दरवाजे पर चढ़कर बेटी की पिटाई किया था। उस समय भी मेडिकल कराने के बाद इसकी शिकायत पुलिस से किया गया था। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पवन के खौफ से पीड़ित परिवार दहशत में है। बेटी का इलाज करा रहे पिता ने मोबाइल पर बातचीत के दौरान बताया कि बेटी के साथ दुष्कर्म युवक ने किया उसके बाद सीने में बाईं तरफ सात जगह चाकू मारा है। उसका ऑपरेशन मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। दो सिपाही खड्डा थाने से लिखा हुआ तहरीर लेकर आए थे और हस्ताक्षर कराकर ले गए हैं। अभी मैं बेटी का इलाज कराने में परेशान हूं।
आरोपी के भाई का थाने में है प्रभाव
-आरोपी के भाई का थाने पर तैनाती पुलिसकर्मियों में काफी प्रभाव है। सूत्रों की माने तो इलाके में पुलिस से जुड़ा कोई भी मामला होने पर लोग उसे तलाशते हैं और वह मध्यस्थता करता है। इस लिए पुलिस मनबढ़ आरोपी पवन पर शिकायत पहुंचने के बाद भी कार्रवाई से कतराती है। पवन कुछ युवकों की टीम बना रखा है और आस-पास के गांव में घूमकर लोगों को धमकाता है और विवाद करता है। इसके डर और भाई के थाने पर पहुंच होने के कारण कोई बोलता नहीं है। अगर थाने पर किसी ने शिकायत किया तो कार्रवाई के बजाए पुलिस दबाव बनाकर सुलह करा देती है।