अहिरौली बाजार थाने के गेट पर युवक ने खाया जहर, हालत गंभीर
अहिरौली बाजार। मंगलवार की शाम लगभग चार बजे अहिरौली बाजार थाने के गेट के सामने युवक ने जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश की। गंभीर हालत में उसे मेडिकल कालेज गोरखपुर ले जाया गया है। घटना की वजह पारिवारिक कलह बताई जा रही है।
अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के गांव बेंदुआर के टोला झुंगहिया निवासी जितेंद्र (25) का पत्नी से किसी बात को लेकर अनबन है। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले जितेंद्र और पत्नी गुड़िया देवी के बीच कहासुनी हुई थी। विवाद के बाद गुड़िया देवी अपने मायके ग्राम पिपरा मुगलान थाना पिपराइच जनपद गोरखपुर चली गई। सोमवार को जितेंद्र भी ससुराल पहुंचा और अपने 11 माह के पुत्र अंश को लेकर घर चला आया। इसके बाद जितेंद्र की ससुराल के लोग गुड़िया देवी को लेकर अहिरौली बाजार थाने पर पहुंचे और जितेंद्र के विरुद्ध तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। मंगलवार को अहिरौली बाजार पुलिस ने जितेंद्र को इस मामले में पूछताछ के लिए थाने बुलाया था।
शाम करीब चार बजे थाना गेट के पास जितेंद्र ने जहर खा लिया। कुछ देर बाद हालत बिगड़ने पर लोगों की नजर पड़ी तो वहां भीड़ जुट गई। आनन फानन उसे बाजार के एक प्राइवेट चिकित्सक के पास ले जाया गया। वहां हालत गंभीर देख परिजन मेडिकल कालेज लेकर चले गए।
इस संबंध में अहिरौली बाजार एसओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पति-पत्नी के बीच विवाद का मामला आया था, जिसमें पूछताछ के लिए युवक को थाने बुलाया गया था। परंतु थाना परिसर में पहुंचने से पहले ही उसके जहर खा लेने की जानकारी मिली। अभी इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। युवक को इलाज के लिए गोरखपुर ले जाया गया है।