बहन को ससुराल छोड़कर लौट रहे युवक पर हमला
बेलवा कारखाना। कसया थाना क्षेत्र के ग्राम कुड़वा उर्फ दिलीपनगर में शुक्रवार की रात कुछ लोगों ने युवक को रॉड से हमला कर दिया। गाड़ी के शीशे भी तोड़ दिए थे। सूचना पाकर मौके पर पहुंची कसया पुलिस और डायल 112 की टीम ने घायल युवक को सीएचसी कसया भेजा।
यहां के बलराम सिंह अपनी गाड़ी से बहन को ससुराल पहुंचाने गए थे। रात में घर वापस आते समय खान टोला के समीप गाड़ी का पहिया पंक्चर हो गया। बलराम सिंह पहिया खोल ही रहे थे कि बाइक सवार छह-सात युवक पहुंचे और बलराम पर रॉड व डंडे से हमला कर दिया। गाड़ी में बलिराम की छोटी बेटी और गांव के ही दो अन्य लोग बैठे थे। शोर सुनकर गांव के लोग पहुंचे तब तक युवक भाग निकले। मौके पर भीड़ जमा हो गई। इसकी सूचना मिलने एसआई रामचंद्र सिंह यादव की अगुवाई में पुलिस फोर्स पहुंची और लोगों को शांत कराकर घायल बलराम को कसया सीएचसी भेजा गया। लोगों ने रात में ही कसया थाने जाकर कार्रवाई के लिए तहरीर दी।
एसओ अनुज कुमार सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। केस दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।