बैरागीपट्टी मस्जिद में विस्फोट मामले की एडीजी एटीएस ने की जांच
पटहेरवा थाने में बंद कमरे में हुई पूछताछ, बयान दर्ज किया
अगरवा सोफीगंज ग्राम प्रधान के पति समेत कई लोगों से की पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
फाजिलनगर(कुशीनगर)। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के अवरवा सोफीगंज गांव के बैरागीपट्टी की मस्जिद में विस्फोट के मामले की जांच में एडीजी एटीएस टीम के साथ पटहेरवा थाने पहुंचे। एसपी विनोद मिश्र के साथ पहुंचे एडीजी एटीएस ने अवरवा सोफीगंज ग्राम प्रधान के प्रतिनिधि तथा गांव के कई लोगों को बुलाकर पूछताछ की और उनका बयान दर्ज किया।
पिछले सोमवार को मस्जिद में हुए विस्फोट के बाद से ही पुलिस प्रशासन और खुफिया एजेंसियां घटना की तह तक जाने के लिए हर पहलू पर गहराई से जांच कर रही हैं। शनिवार को शाम करीब साढ़े चार बजे एटीएस के एडीजी डीके ठाकुर और कुशीनगर एसपी विनोद कुमार मिश्र पहुंचे। थाने पहुंचकर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सच्चिदानंद तिवारी उर्फ नेपाली बाबा और गांव के पांच-छह लोगों से बंद कमरे में पूछताछ की और उनका बयान लिया। इस बीच अधिकारी मीडिया से दूरी बनाए रखे। आधा घंटा की पूछताछ के बाद वहां से चले गए।
बताया जा रहा है कि पुलिस और खुफिया एजेंसियों की पूछताछ में सातों आरोपियों में एक किशोर ने जैसे ही यह बात बताया कि उसे दाहूगंज के एक मदरसे के मौलवी ने उसे पढ़ाया है, पुलिस तत्काल वहां गई और मौलवी को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया तथा पटहेरवा थाने लेकर चली आई। हालांकि पुलिस मौलवी को थाने लाए जाने से इनकार कर रही है।
एसपी के निर्देश पर हुई मस्जिदों और मदरसों की जांच
दुदही। अवरवा सोफीगंज के बैरागीपट्टी की घटना के बाद एसपी ने सभी मस्जिदों और मदरसों की गहनता से जांच का आदेश दतिया। उनके आदेश पर विशुनपुरा के इंस्पेक्टर आलोक कुमार सोनी ने दुदही की मस्जिदों और मदरसों की जांच कर मौलवियों और अन्य लोगों के पहचान पत्र और अन्य साक्ष्यों की जांच की।