फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kushinagar News: छठ घाटों पर जलकुंभी तो कहीं गंदगी का अंबार

विज्ञापन
घोड़ादेउर गांव के टोला लक्षीराय में गंदगी से पटा पोखरी व छठ घाट। 
विज्ञापन
पडरौना। लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियां जिले में तेज हो गई हैं लेकिन कई छठ घाटों पर सफाई और बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। पोखरों में जलकुंभी और झाड़-झंखाड़ फैले हैं तो कहीं घाट तक पहुंचने वाले रास्तों पर नालियों का गंदा पानी बह रहा है। ऐसे में प्रशासनिक इंतजामों से निराश होकर कई जगह ग्रामीण खुद ही सफाई करने में जुटे हैं। पडरौना शहर के अंबे चौक स्थित पोखरा घाट पर बनी छठ वेदियों के पास कूड़े का ढेर लगा है। घाट की सफाई नहीं होने से आसपास गंदगी फैली हुई है। स्थानीय लोग अपने स्तर से सफाई कर रहे हैं। कप्तानगंज के कोटवा गांव में भी पोखरे की स्थिति ठीक नहीं है। यहां महिलाओं ने पोखरे के किनारे छठ वेदियां तो बना ली हैं लेकिन अर्घ्य देने के स्थान तक पहुंचना मुश्किल है। पोखरे के किनारे जलकुंभी और झाड़-झंखाड़ फैले हैं। अपनी वेदी की सफाई कर रहीं परमा देवी ने बताया कि ग्राम प्रधान की ओर से वेदी के आसपास सफाई कराई गई है, लेकिन अर्घ्य देने वाले स्थान की सफाई नहीं हुई है।
विज्ञापन

मथौली संवाद के अनुसार, क्षेत्र के बेलवा सुदामा गांव में जलनिकासी की समस्या छठ की तैयारियों पर भारी पड़ रही है। गांव से हाटा-कप्तानगंज मार्ग को जोड़ने वाली सड़क पर घरों का गंदा पानी फैला है। गांव के बड़े पोखरे पर दो टोलों की करीब 500 महिलाएं छठ पूजा करती हैं। ग्रामीणों का कहना है कि महिलाओं को गंदे पानी से होकर घाट तक पहुंचना पड़ेगा। शिकायत पर एडीओ पंचायत राम आशीष गौतम ने मौके का निरीक्षण कर ग्राम प्रधान को जलनिकासी की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए हैं। हालांकि जगह की कमी के कारण समस्या के समाधान में दिक्कत आ रही है। गोड़रिया संवाद के अनुसार, क्षेत्र के बांसगांव में सरगटिया मंदिर और छठ घाट जाने वाले मुख्य मार्ग पर नाली का गंदा पानी बह रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि जलभराव और अन्य समस्याओं के समाधान के लिए करीब एक माह से शिकायत की जा रही है, लेकिन नाले की सफाई नहीं हुई। आखिरकार ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से मिट्टी हटवाकर वैकल्पिक रास्ता बनवाया। अहिरौली बाजार संवाद के अनुसार, ग्राम पंचायत घोड़ादेउर के टोला लक्षीराय स्थित पोखरे के छठ घाट पर गंदगी का अंबार लगा है। इससे परेशान कुछ महिलाएं गांव के एक व्यक्ति की निजी भूमि पर गड्ढा खोदकर उसमें पानी भरकर छठ पूजा करेंगी। ग्रामीण दीपक कुमार पांडेय, प्रभात पांडेय, विनोद चौधरी, सूरज विश्वकर्मा समेत अन्य लोगों ने बताया कि ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सचिव से शिकायत की जाती है लेकिन केवल आश्वासन मिलता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें