दुदही। स्थानीय सीएचसी में बुधवार को धरना दे रहे आशा और संगिनी कार्यकर्ताओं ने हंगामा खड़ा कर दिया। इनके हंगामे के चलते अस्पताल पहुंची 14 महिलाओं की नसबंदी नहीं हो पाई। इससे उन्हें बिना नसबंदी करवाए ही घर लौटना पड़ा।
मांगों को लेकर आशा व संगिनी कार्यकर्ता अस्पताल परिसर में बीते 15 दिसंबर से धरना दे रही हैं। बुधवार को धरना दे रही कार्यकर्ता उस समय हंगामा करने लगीं, जब अस्पताल में नसबंदी करवाने कुछ महिलाएं पहुंचीं, नाराज संगिनी कार्यकर्ताओं ने आपरेशन कक्ष में ताला बंद कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
सीएचसी प्रभारी डॉ. अमित राय ने विरोध प्रदर्शन कर रही आशा कार्यकर्ताओं को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह उनकी कोई बात नहीं सुनीं। उन्होंने बताया कि मामले की विभागीय अधिकारियों को जानकारी दे दी गई है। वहीं, आंदोलनरत कार्यकर्ताओं ने कहा कि मांगे पूरी होने तक धरना जारी रहेगा। आशाओं ने कहा कि बकाया मानदेय सहित कई मांगें लंबित हैं।ं